बिहार के लखीसराय में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं. घटना पहाड़पुर गांव के समीप मुंगेर-सूर्यगढ़ा नेशनल हाइवे पर हुई है. जहां ऑटो और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. मृतकों में एक पंचायत रोजगार सेवक व ऑटो का चालक शामिल है.

🔰ऑटो व कार के बीच टक्कर, दो लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, एक ऑटो पर सवार होकर कुछ यात्री मुंगेर से सूर्यगढ़ा की ओर जा रहे थे. जबकि विपरीत दिशा से एक कार भी आ रही थी. मेदनीचौक थाना से पहले पहाड़पुर अंतर्गत फुलवा ढाला के पास मुंगेर-सूर्यगढ़ा NH-80 पर अचानक दोनों गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गयी. बताया जा रहा है कि सड़क पर बने गड्ढे से बचाकर ऑटो को निकालने के चक्कर में दोनों गाड़ी की टक्कर हुई है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए.
