लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद देश के साथ-साथ बिहार में भी सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली में आज NDA और I.N.D.I.A की बैठक होने जा रही है। नीतीश कुमार इस बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो चुके हैं। तेजस्वी यादव भी नीतीश कुमार की फ्लाइट से ही दिल्ली जा रहे हैं। वे इंडी की मीटिंग में शामिल होंगे।
फ्लाइट के अंदर नीतीश और तेजस्वी की मुलाकात का वीडियो सामने आया है। इसमें नीतीश को देखते ही तेजस्वी खड़े होते दिख रहे हैं। दोनों एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते हैं। इसके बाद तेजस्वी कहते हैं 6 बजे बैठक है। फिर दोनों अपनी-अपनी कुर्सी पर बैठक जाते हैं। नीतीश फ्लाइट में आगे वाली सीट पर बैठे हैं और तेजस्वी पीछे वाली सीट पर।

दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव के बयान
दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने एयरपोर्ट पर कहा कि आरजेडी को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। सीट भी पिछले बार की तुलना में बढ़े हैं। देश की जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है। भाजपा जो नफरत की राजनीति किया करती थी, लोगों ने उन्हें रोका है।
देश की जनता ने लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए वोट किया। इसलिए भाजपा के पास खुद का अब बहुमत नहीं है। बिहार तो अब किंग मेकर बनकर उभर रहा है। जो भी किंग मेकर हो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएं। 75% आरक्षण पर काम हो और देश भर में जाति जनगणना कराएं।