
बिहार मे बढ़ते क्राइम से बेगूसराय एक बार फिर कराहने लगा है। लोहियानगर थाना क्षेत्र के रेलवे ओवर ब्रिज पर सोमवार की सरेशाम बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने दूसरे बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। उसकी कनपटी व सिर में दो गोलियां लगी है। इससे उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों को पहले लगा कि सड़क हादसा है। बाद मे पता चला की गोली मार हत्या है।
लोगों की सूचना पर लोहियानगर थाना अध्यक्ष जितेंद्र राम, सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की बाइक में टंगे झोले से मोबाइल व चार्जर बरामद किया है। पुलिस मृतक की बाइक जब्त कर थाना ले आई है। लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक बाइक से उत्तर दिशा से रेलवे पुल होकर बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह आयुर्वेदिक कॉलेज के पास पुल पर चढ़ा कि पीछा करते एक बाइक पर दो बदमाश पहुंचे व ओवरटेक कर रोका व गोली मार दी।
घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले। मृतक गंजी व फुलपेंट पहने था। मृतक के झोले से बैंक का राशि निकासी पत्र निकला है उस पर गोपाल कुमार नाम अंकित है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि युवक की गोली मार कर हत्या की गई है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उसकी पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

