
बेलागंज थाना परिसर में मंगलवार को आगामी सरस्वती पूजा के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने की।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरस्वती पूजा आयोजन से पूर्व लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस पूजा आयोजित करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अंचलाधिकारी (सीओ) गजानंद मेहता ने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत ही सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस नेता नुनू सिंह, भाजपा नेता महेश शर्मा, अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान, एसआई राजन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार, जिला पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
