जहानाबाद/पालीगंज: बिहार के जहानाबाद जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र के उसरी गांव के लिए रविवार का दिन बेहद मनहूस साबित हुआ। चाचा को पटना से घर लाने जा रहे दो सगे भतीजों की सड़क हादसे के बाद सोन नहर में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।


मृतकों की पहचान उसरी गांव निवासी सिंधु कुमार (25 वर्ष) और रंजीत कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने चाचा को पटना से घर लाने के लिए कार से निकले थे। बताया जा रहा है कि उनके चाचा का पटना में ऑपरेशन हुआ था और रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों उन्हें वापस घर लाने जा रहे थे।


इसी दौरान पालीगंज थाना क्षेत्र के मसौढ़ा स्थित सोन नहर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद कार नहर के पानी में डूब गई और दोनों युवक वाहन के अंदर फंस गए।
“हमें बचा लो…” घर पर किया आखिरी फोन
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद सिंधु कुमार ने अपने घर फोन कर घटना की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई। बताया जाता है कि उसने परिजनों से बचाने की अपील की। लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
फोन बंद होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके की ओर दौड़े। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में मातम
एक ही परिवार के दो युवकों की मौत की खबर से उसरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिन दोनों युवकों को अपने चाचा को अस्पताल से घर लाने के लिए जाना था, वही रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।


ग्रामीण भारत शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद सिंधु ने फोन कर मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद संपर्क टूट गया।
फिलहाल हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर नहरों और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version