
गया, 31 अगस्त 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया की ओर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।
प्रचार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया डॉ. राकेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक मामले, चेक बाउंस के मामले, सिविल वाद, पारिवारिक विवाद, कुटुंब न्यायालय के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चालान तथा ग्राम कचहरी क्षतिपूर्ति से जुड़े मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर समाधान किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि राजीनामा योग्य मामलों के निपटारे में सक्रिय सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत का लाभ मिल सके।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने भी अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षकारों से अपील की कि अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रखकर उनका त्वरित समाधान कराने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में एसबीआई की चीफ मैनेजर रूबी कुमारी, पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख चैता कुमार पांडे, लीगल ऑफिसर प्रशांत कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर अभिषेक कुमार तथा बैंक ऑफ इंडिया के लीगल ऑफिसर शिवम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
