
फतेहपुर. झारखंड से देसी महुआ शराब की खेप आने की सूचना पर फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार को डुमरी चट्टी- गंभरी सड़क पर कार्रवाई करते हुए तीन बाइक समेत 450 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की
. हालांकि, पुलिस दल को देखते ही शराब तस्कर बाइक सड़क पर छोड़कर ही मौके से फरार हो गये. पुलिस अब बरामद बाइकों के आधार पर शराब धंधेबाजों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
फतेहपुर अपर थानाध्यक्ष राम कृपाल यादव ने बताया कि झारखंड की ओर से शराब की खेप लाये जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के आधार पर एसआइ सतिन कुमार एवं एलटीएफ प्रभारी जहां निसार अख्तर के नेतृत्व में पुलिस टीम को डुमरी चट्टी-गंभरी सड़क पर गश्ती के लिए भेजा गया.
फतेहपुर पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सड़क पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को देखकर कुछ बाइक सवार अचानक अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे. पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके का फायदा उठाकर फरार हो गये.
पुलिस ने मौके पर लावारिस हालत में खड़ी तीन बाइकों की जांच की. तलाशी के दौरान बाइकों पर लदी करीब 450 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गयी. इसके बाद पुलिस ने शराब और तीनों बाइकों को जब्त कर थाना लाया.
अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. बरामद बाइकों के कागजात और अन्य माध्यमों से फरार धंधेबाजों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल लोगों का पता लगाकर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जायेगी.