
गया जिले के फतेहपुर प्रखंड में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गुरपा थाना क्षेत्र के रंगून नगर में खेलते समय तीन वर्षीय मासूम खुले बोरवेल में गिर गया। करीब 30 फीट गहरे बोरवेल में फंसे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन, पुलिस और बचाव दल युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और बेचैनी का माहौल है।
खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरपा थाना क्षेत्र के रंगून नगर में तीन वर्षीय बच्चा आयुष कुमार जो दीनेश मांझी का पुत्र है। घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े और प्रशासन को जानकारी दी।
देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मासूम के बोरवेल में गिरने की खबर पूरे इलाके में फैलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।
युद्धस्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही गुरपा थाना पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव टीम बोरवेल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए लगातार प्रयास कर रही है।
बच्चे तक ऑक्सीजन की आपूर्ति बनाए रखने के लिए पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, ताकि रेस्क्यू के दौरान उसे सांस लेने में कोई परेशानी न हो।
हर पल बढ़ रही परिजनों की बेचैनी
घटना के बाद बच्चे के माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू टीम की हरसंभव मदद कर रहे हैं। सभी की निगाहें इस उम्मीद पर टिकी हैं कि मासूम जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
प्रशासन ने की सहयोग की अपील
प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। पुलिस भी मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार किए जा रहे थे। प्रशासन ने कहा है कि प्राथमिकता बच्चे की सुरक्षित जान बचाना है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।