
बोधगया (गया): गया जिले के बोधगया प्रखंड थाना क्षेत्र के नेमा गांव स्थित सेठ छमाछम वाटर पार्क में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। वाटर पार्क के मुख्य गेट पर कई वर्षों से फटा और पुराना तिरंगा फहराए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त तिरंगे को न तो हटाया गया और न ही बदला गया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
बताया जाता है कि वाटर पार्क घूमने पहुंचे युवक मुकेश कुमार और अनिकेत कुमार ने फटे हुए तिरंगे को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है, ऐसे में इस तरह फटा हुआ तिरंगा फहराना बेहद शर्मनाक और आपत्तिजनक है। युवकों ने वाटर पार्क प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर मौजूद सब्बन सुल्तान ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए और इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इस मामले को लेकर जब बोधगया थाना अध्यक्ष मनोज सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित लोगों को दे दी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वाटर पार्क के बोर्ड पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर मैनेजर ने बताया कि फटे हुए तिरंगे को हटाकर नया तिरंगा लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “आज शाम तक झंडा बदल दिया जाएगा।”
घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।